व्यापार

रेनो ने एक्सपो में किया दो इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा। फ्रांस की वाहन निर्माता कंपनी रेनो ने आज यहां ऑटो एक्सपो में इलेक्ट्रिक कांसेप्ट वाहनों ट्रेजर और जोए ई-स्पोर्ट को प्रदर्शित किया। उसने कहा कि दीर्घकालिक नीतिगत निर्णयों के लिए उसे इलेक्ट्रिक वाहनों की आधारभूत संरचना के बाबत स्पष्ट नीति का इंतजार है।
कंपनी ने फॉर्मूला वन कार आर.एस.17 को भी प्रदर्शित किया। इसके साथ ही क्विड सुपर हीरो एडिशन की श्रृंखला को भी प्रदर्शित किया गया।
रेनो इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सुमित साहनी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हमने डिजायन व प्रौद्योगिकी को लेकर बदलाव देखा है। वैश्विक स्तर पर इलेक्ट्रिक कारों की ओर झुकाव बढ़ा है।’ उन्होंने कहा कि कंपनी भारत में अपने भविष्य को लेकर काफी सकारात्मक और उत्साहित है। भारत उसकी वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा है।
साहनी ने कहा कि भारत 2021 तक विश्व का तीसरा बड़ा वाहन बाजार बन जाएगा। कंपनी यहां के इलेक्ट्रिक वाहन बाजार को लेकर गंभीर है। आज प्रदर्शित ट्रेजर 4.7 मीटर लंबा, 2.18 मीटर चौड़ा तथा 1.08 मीटर ऊंचा है। यह दो सीटों वाला वाहन है। जोए ई-स्पोर्ट को हल्के कार्बन फाइबर से बनाया गया है। इसके कारण यह महज 3.2 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *