महिंद्रा पिकअप वाहनों की घरेलू बिक्री 2018-19 में 1.5 लाख के पार
मुंबई। वाहन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सोमवार को कहा कि उसके पिकअप वाहनों की घरेलू बिक्री 2018-19 में 1.5 लाख वाहनों के स्तर को पार कर गई। कंपनी ने विज्ञप्ति में कहा कि 2018-19 में पिकअप वाहन श्रेणी की 1,62,000 गाड़ियों की बिक्री हुई। इसकी तुलना में 2017-18 में 1,49,121 पिकअप वाहन बिके थे। इस दौरान, बिक्री में 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह पेश होने के बाद से उसकी अब तक की सबसे अधिक वार्षिक बिक्री है। महिंद्रा की पिकअप श्रेणी में बोलेरो मैक्सी ट्रक, बोलेरो पिक-अप, बोलेरो कैंपर और इंपेरियो जैसे वाहन हैं। जिनका उपयोग माल परिवहन में किया जाता है। महिंद्रा के वाहन क्षेत्र के बिक्री एवं विपणन प्रमुख विजय राम नकरा ने कहा, 2018-19 में पिकअप श्रेणी के वाहनों की बिक्री का आंकड़ा डेढ लाख पहुंचना हमारे लिए गर्व की बात है। हम अपने सभी ग्राहकों के आभारी हैं। इस श्रेणी में महिंद्रा के पास विस्तृत श्रृंख्ला है। कंपनी ने कहा कि वर्तमान में, भारत में पिक-अप श्रेणी के वाहनों की मासिक बिक्री 14,000 वाहन से अधिक है और यह गति तेजी से बढ़ रही है।