छह साल की मासूम के साथ नाबालिग ने किया दुष्कर्म
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के अमन विहार इलाके में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला 14 वर्षीय किशोर मासूम को चीज दिलवाने की बात कर बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। दूसरे बच्चों ने मासूम के परिजनों को इसकी खबर दे दी। आरोपी किशोर को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने पॉक्सो व दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी किशोर को जेजे बोर्ड में पेशकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मासूम परिवार के साथ अमन विहार इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं। मासूम पास के सरकारी स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा है। वहीं मासूम का पिता प्राइवेट नौकरी करता है। आरोपी किशोर मासूम के पड़ोस में रहता है। रविवार शाम करीब चार बजे मासूम अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी किशोर वहां पहुंचा। उसने मासूम को चीज दिलाने की बात की और अपने घर ले गया। वारदात के समय उसके घर पर कोई नही था। बाकी बच्चों ने आरोपी को बच्ची को ले जाते हुए देख लिया। फौरन उन्होंने मामले की सूचना उसकी मां को दी। इधर परिजन उसके घर पहुंचे तो मासूम बुरी तरह रो रही थी। आरोपी लड़के को मौके पर ही पकड़कर बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया, बाद में केस दर्ज कर सोमवार को उसे जेजे बोर्ड में पेश कर दिया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।