श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के 10 मछुआरों को गिरफ्तार किया
रामेश्वरम (तमिलनाडु)। श्रीलंकाई नौसेना ने आज तमिलनाडु के दस मछुआरों को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे नेदुनतीवू के नजदीक उनके जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ रहे थे।
मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक गंगाधरण ने बताया कि मछुआरे नागापट्टिनम में थिडीर कुप्पम गांव के रहने वाले हैं। उन्हें नेदुनतीवू के नजदीक मछली पकड़ने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि मछुआरों को उनकी नौका के साथ कांगेसंतुरई से हिरासत में लिया गया। उन्हें एक नौसेना शिविर में ले जाया गया और उन्हें एक अदालत में पेश किया जाएगा।
कल अक्करपेत्तई में इसी जिले के 10 मछुआरों को उस समय हिरासत में ले लिया गया जब वे नेदुनतीवू के नजदीक मछली पकड़ रहे थे। श्रीलंकाई नौसेना ने सात नवंबर को पुडुकोत्तई जिले के चार मछुआरों को हिरासत में लिया था।