राष्ट्रीय

किसानों का पूरा कर्ज हो माफ : शीला दीक्षित

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा है कि कांग्रेस ने किसानों को हमेशा प्राथमिका दी है। उन्होंने मंगलवार को किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि आज किसान जिन परेशानियों से गुजर रहा है, वह कांग्रेस पार्टी के लिए चिंता का विषय है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनी है वहां प्राथमिकता के आधार पर किसानों के लिए काम किया जा रहा है। दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों की समस्याओं को हल करना अपना कर्तव्य समझती है। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के तौर पर कांग्रेस किसानों की समस्याओं को हल तो नहीं कर सकती लेकिन किसानों की समस्याओं का हल निकालने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल के अन्तर्गत विभागों से सम्पर्क कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। शीला ने कहा कि ओलावृष्टि से प्रभावित हुए किसानों को तुरंत मुआवजा दिया जाना चाहिए, आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को रियायती दरों पर बिजली दी जानी चाहिए और किसानों के कर्ज माफ किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। उल्लेखनीय है कि ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के संयोजक सुभाष बत्रा के नेतृत्व किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज दीक्षित से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के संयोजक सुभाष बत्रा के साथ उपाध्यक्ष किसान कांग्रेस राजवीर सोलंकी और सुरेन्द्र सोलंकी, 360 गांव के प्रधान राम करण, पारस सोलंकी, अध्यक्ष युवा किसान कांग्रेस, डेलीगेट संदीप, प्रदीप, दयानन्द डबास, इन्द्र सिंह, नरेश कुमार किसान निजामपुर गांव, बलवान सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *