राष्ट्रीय

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 30 महिलाओं को वेब वंडर वूमन से किया सम्मानित

नई दिल्ली। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने बुधवार को वेब वंडर वूमन अभियान के तहत 30 महिलाओं को सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह गुजरात भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मेनका गांधी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हमने 30 महिलाओं को चुना, जिन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। मैं उन सभी महिलाओं को बधाई देती हूं। उन्होंने आगे कहा कि वेब वंडर वूमन अभियान मेरे और मेरी टीम के लिए बहुत ही दिलचस्प रहा। इस कैंपेन को सफल बनाने वाले सभी कैंपेन पार्टनर की सराहना करती हूं।
वेब वंडर वूमन से सम्मानित होने वाली महिलाएं हैं- परोमिता बरदोलोइ, सोनल कपूर, कृति जयाकुमार, लक्ष्मी गौतम, पारुल माथुर, सुप्रीत के सिंह, छवि वोहरा, श्वेता पाठक, विनिता देशमुख, देबरति हलदर, सगीना वलयात, सोनल गोयल, रितु महेश्वरी, नमामि अग्रवाल, मधुलिका चैधरी, सौंदर्या राजेश, अर्चना के आर, अंजेला चैधरी, अनुभति यादव, अंकिता आन्नद, जपलीन पसरीका, श्रुतु कपूर, सोहिनी चट्टोपध्याय, श्रीलेखा चक्रबर्ती, उर्वशी सरकार, अफरीन सिद्दीकी शेरवानी, अधुनिका प्रकाश, मनु खजुरिआ, रक्षिता द्विवेदी, रिषिका शर्मा। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने नौ जनवरी, 2019 को ऑनलाइन अभियान वेब वंडर वूमन लांच किया था। इस अभियान का उद्देश्य उन महिलाओं को खोजना और उनके असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देना है, जो सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का सार्थक एजेंडा चला रही हैं।
इस अभियान के माध्यम से मंत्रालय तथा अभियान के साझेदार का उद्देश्य विश्व की भारतीय महिला दिग्गजों की दृढ़ता को मान्यता देना है, जिन्होंने समाज में परिवर्तन के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से सार्थक अभियान चलाया है। यह अभियान इन मेधावी महिलाओं के प्रयासों को मान्यता देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *