खेल

अभिषेक कौशिक का रणजी ट्राॅफी में चयन

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के क्रिकेटर अभिषेक कौशिक का चयन सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी (रणजी ट्रॉफी) में हुआ है। अभिषेक कौशिक कुरुक्षेत्र के पहले क्रिकेटर होंगे जो, रणजी ट्रॉफी खेलेंगे। इससे पहले भी अभिषेक इंग्लैंड में घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं। भारत में भी अभिषेक का राष्ट्रीय स्तर की कई क्रिकेट प्रतियोगिताओं में काफी अच्छा रिकॉर्ड रहा है। अभिषेक आंध्र प्रदेश में होने वाली रणजी ट्रॉफी में नागालैंड की तरफ से खेलेंगे। अभिषेक कौशिक बेहतरीन बल्लेबाज के साथ-साथ अच्छे गेंदबाज भी हैं। अभिषेक कौशिक का कहना है कि उसने यहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की और लम्बा इंतजार किया है। अब खुद को साबित कर दिखाने का वक्त है। इसलिए वह शानदार प्रदर्शन करेगा। कुरुक्षेत्र जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रभारी डॉ दिनेश यादव ने बताया कि यह पहला मौका है जब कुरुक्षेत्र से कोई खिलाड़ी रणजी में चयनित हुआ है। अभिषेक कौशिक काफी छोटी उम्र से क्रिकेट खेलते आ रहे हैं और उन्होंने हमेशा बेहतर प्रदर्शन किया है। इसी की बदौलत अभिषेक कौशिक का चयन रणजी के लिए हुआ है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोच ललित वर्मा ने कहा कि यह कुरुक्षेत्र की क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। साथ ही अभिषेक कौशिक के कोच उदय भान ने भी अभिषेक कौशिक के रणजी में चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उदय भान ने कहा कि अभिषेक कौशिक एक बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी है और उम्मीद है रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने के बाद एक दिन अभिषेक कौशिक भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनेगा। अभिषेक कौशिक के पिता पंडित जयपाल शास्त्री ने इस उपलब्धि का श्रेय अभिषेक की मेहनत और उसके कोच व जिला क्रिकेट एसोसिएशन को दिया है । उन्होंने बताया कि अभिषेक बचपन से ही क्रिकेट खेल रहा है और उसने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है। अभिषेक ने इंग्लैंड में भी काउंटी क्रिकेट खेली है। उनका एक सपना था कि अभिषेक कौशिक रणजी ट्रॉफी खेले। अब यह सपना साकार हो गया है। उम्मीद है कि एक दिन वह भारतीय क्रिकेट के लिए भी अपना योगदान देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *