अंतिम संस्कार में सुषमा स्वराज को पहनाई गई हरे रंग की साड़ी और जैकेट
नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की नेता सुषमा स्वराज का अंतिम संस्कार जब किया गया उस वक्त उन्हें हरे रंग की साड़ी और हरे रंग की जैकेट पहनाया गया था और लाल रंग की चुनरी भी ओढ़ाई गई थी। सुषमा स्वराज की साड़ी के रंगों की चर्चाएं अक्सर होती थी। बता दें कि जब वो वर्ष 2009 में विदिशा से चुनाव लड़ने गईं तो एक प्रेस कांफ्रेंस में भी उनकी साड़ी के रंग पर चर्चा छिड़ी और उनसे पत्रकारों ने पूछा कि वो अलग-अलग दिन अलग रंग की साड़ी पहनती हैं, क्या इसके पीछे उनका अपना कोई अंधविश्वास या क्या कोई मान्यता है। तब उन्होंने बताया था कि पहले उन्हें अपना वॉर्डरोब मैनेज करने में बहुत दिक्कत होती थी। और वैसे भी राजनीतिज्ञों के पास ज्यादा समय तो होता नहीं है, इसलिए मैंने अलग-अलग दिन के लिए अलग रंग तय कर दिये और वॉर्डरोब अब उसी हिसाब से मैनेज होता है और इसमें कोई परेशानी भी नहीं होती।
सुषमा स्वराज जिस रंग की साड़ी पहनती थी उसी रंग की वो जैकेट भी पहनती थीं। सोमवार के दिन वो क्रीम या सफेद, मंगलवार को लाल या मैरून, बुधवार को हरा, गुरुवार को पीला, शुक्रवार बैंगनी, शनिवार को नीले रंग की साड़ी और इसी रंग से मिलते हुए जैकेट पहनती हैं। रविवार के दिन वो कोई भी रंग की साड़ी पहनती थी और इसी दिन अक्सर काली रंग की जैकेट भी पहनती थीं।
आमतौर पर वो ठंड के मौसम में सिल्क की जैकेट और वैसी ही साड़ियां पहनती थीं। हालांकि उनके वॉर्डरोब को लेकर कई बार उनसे सवाल भी किए गए। कई बार उनकी साड़ी के गाढ़े रंगों को लेकर भी चुटकियां ली गईं। कई बार उनके साड़ी के रंगों से विवाद भी हुए, लेकिन सुषमा अपने खास स्टाइल और रंगों के खास अंदाज से कभी डिगी नहीं। सुषमा स्वराज का यही स्टाइल और पहनावा उनकी पहचान बन गया।