ज़ीरो वेस्ट कॉलोनी सम्मान समारोह
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम, शाहदरा दक्षिण क्षेत्र के प्रांगण में ज़ीरो वेस्ट कॉलोनी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि कूड़ा प्रबंधन के क्षेत्र में ज़ीरो वेस्ट कैम्पेन एक ऐसा क्रांतिकारी मुहिम है जिसके अंतर्गत सोसाइटी तथा संस्थानों से निकलने वाले गीले कचरे को ऐरॉबिन कम्पोस्टर के माध्यम से 45 दिनों के अंतराल में खाद में परिवर्तित करता है साथ हीं सूखे कचरे को IPCA के द्वारा संग्रहित कर प्लास्टिक को रिसाइक्लिंग प्लांट पर रिसाइकिल किया जाता है एवं अन्य सूखे कचरे को एम.आर.एफ. पर पृथक कर अधिकृत रिसाइक्लर्स तक चैनलाइज किया जाता है।
गौरतलब है की दिल्ली नगर निगम द्वारा अप्रैल 2023 में ज़ीरो वेस्ट कैम्पेन को लॉन्च किया गया जिसे आई.पी.सी.ए के द्वारा जमीनी स्तर पर कार्यान्वित किया गया।
बता दें की दिल्ली नगर निगम द्वारा शाहदरा दक्षिण क्षेत्र के कुल 137 सोसाइटी को ज़ीरो वेस्ट सोसाइटी बनाया गया एवं इन सोसाइटी को इस मुहिम में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं दिल्ली नगर निगम का सहयोग करने हेतु प्रशस्ति पत्र दे कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए IPCA के सचिव श्री अजय गर्ग ने कहा ” ज़ीरो वेस्ट कैम्पेन कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर है। कचरे को स्रोत पर ही प्रभावी ढंग से अलग करके और उपचारित करके, हम न केवल लैंडफिल पर भार को कम कर रहे हैं बल्कि मूल्यवान खाद भी बना रहे हैं जो हमारी मिट्टी को समृद्ध करने में उपयोगी है, श्री गर्ग ने सभी सोसाइटी के प्रतिनिधि को इस मूहिम में अपना बहुमुल्य सहयोग देने हेतु धन्यवाद दिया साथ हीं इस मुहीम को आगे समान उत्साह से जारी रखने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में दिल्ली नगर निगम, शाहदरा दक्षिण क्षेत्र के उप आयुक्त श्री अंशुल सिरोही ने सोसाइटी से आये सभी प्रतिनिधि का आभार प्रकट करते हुए कहा की ज़ीरो वेस्ट मुहिम की सफलता सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है एवं सभी से स्वच्छता के प्रति अपना मौलिक कर्तव्य निभाने का आग्रह किया।
सम्मान समारोह में श्री अंशुल सिरोही, आई.ओ.एफ.एस, उप आयुक्त, शाहदरा दक्षिण क्षेत्र, दिल्ली नगर निगम, एस. डी. तोमर, अधीक्षण अभियंता, शाहदरा दक्षिण क्षेत्र, दिल्ली नगर निगम, डॉ कनिका सिंह, सहायक आयुक्त, शाहदरा दक्षिण क्षेत्र, दिल्ली नगर निगम, श्री आशीष जैन, निदेशक सह संस्थापक,आई.पी.सी.ए., श्री अजय गर्ग, सचिव, आई.पी.सी.ए एवं अन्य विशिष्ट अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।