धर्म

ईद-उल-अज़हा : अल्लाह की राह में अपना सब कुछ कुर्बान करने का पैगाम देती कुर्बानी

इस्लाम धर्म में ईद-उल-अज़हा को भी ईद-उल-फित्र की तरह ही बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। ईद-उल-अज़हा को आम ज़बान में बकरा ईद कहा जाता है। इस दिन आमतौर से बकरों की कुर्बानी की जाती है। इस ईद का गहरा संबंध कुर्बानी से है। पैगम्बर हजरत इब्राहीम को खुदा की तरफ से हुक्म हुआ कि अपनी सबसे प्यारी चीज की कुर्बानी करो। हजरत इब्राहीम के लिए सबसे प्यारी चीज थी उनका इकलौता बेटा हजरत इस्माईल। लिहाजा हजरत इब्राहीम अपने बेटे को कुर्बानी करने के लिए तैयार हो गए। इधर बेटा इस्माईल भी खुशी-खुशी अल्लाह की राह में कुर्बान होने को लिए तैयार हो गया। लेकिन अचानक ही ऐन वक्त पर कुर्बानी के वक्त हजरत इस्माईल की जगह एक दुम्बा कुर्बान हो गया।
खुदा ने हजरत इस्माईल को बचा लिया और हजरत इब्राहीम की कुर्बानी कुबूल कर ली। तभी से हर साल उसी दिन उस कुर्बानी की याद में बकरा ईद मनाई जाती है और बकरे की कुर्बानी की जाती है। बकरा तन्दुरुस्त और बगैर किसी ऐब का होना चाहिए यानी उसके बदन के सारे हिस्से वैसे ही होना चाहिए जैसे खुदा ने बनाए हैं। सींग, दुम, पांव, आंख, कान वगैरा सब ठीक हों, पूरे हों और जानवर में किसी तरह की बीमारी भी न हो। कुर्बानी के जानवर की उम्र कम से कम एक साल हो। अपना मजहबी फर्ज़ समझकर कुर्बानी करना चाहिए।
कुर्बानी से जो सवाब एक मामूली बकरे की कुर्बानी से मिलता है वही किसी महंगे बकरे की कुर्बानी से मिलता है। अगर आप बहुत पैसे वाले हैं तो ऐसे काम करें जिससे गरीबों को ज्यादा फायदा हो। अल्लाह का नाम लेकर जानवर को कुर्बान किया जाता है। इसी कुर्बानी और गोश्त को हलाल कहा जाता है। इस गोश्त के तीन बराबर हिस्से किए जाते हैं, एक हिस्सा खुद के लिए, एक दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए और तीसरा हिस्सा गरीबों और मिस्कीनों के लिए। मीठी ईद पर सद्का और जकात दी जाती है तो इस ईद पर कुर्बानी के गोश्त का एक हिस्सा गरीबों में तकसीम किया जाता है।
वहीं यह भी बताती है के इंसान को खुदा का कहा मानने में, सच्चाई की राह में अपना सब कुछ कुर्बान करने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। हर त्योहार पर गरीबों का ख्याल जरूर रखा जाता है ताकि उनमें कमतरी का एहसास पैदा न हो। इस तरह यह ईद सबको साथ लेकर चलने का पैगाम देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *