मनोरंजन

‘‘कलीरें’’….. शादी का एक बहुत महत्वपूर्ण पक्ष पेश करता है

जी टीवी का शो ‘कलीरें’ पंजाब के एक छोटे शहर की रहने वाली मीरा (अदिती) की कहानी है। वो लड़कियों को शादी के लायक बनाने के लिए उनमें बदलाव लाने की सोच के खिलाफ जाकर खुद अपनी पहचान बनाना चाहती है। वह इन बातों को नहीं मानती कि एक अच्छा पति पाने के लिए एक दुल्हन में कुछ खास गुण होना जरूरी है। मीरा तो आजाद ख्यालों वाली लड़की है, जो जिंदगी अपनी शर्तों पर जीती है। मीरा अपने इस अनूठे अंदाज को हमेशा संजोए रखती है। वो किसी ऐसे लड़के की तलाश में है, जो उसे उसी तरह स्वीकार करे जैसी वो है। इस शो के जरिये जी टीवी ‘आज लिखेंगे कल‘ की अपनी ब्रांड विचारधारा को आगे बढ़ा रहा है, जो आम आदमी की जिंदगी, उनकी ख्वाहिशों और उनके अरमानों की झलक दिखाता है, जिसमें वे अपने असाधारण कल के लिए आम धारणाओं को तोड़ते हैं। यह शो लड़कियों की उस सोच के खिलाफ एक सामाजिक क्रांति लाने का वादा करता है जो उन्हें एक आदर्श दुल्हन बनने के लिए खुद को बदलने पर मजबूर करती है। एक्टर्स अरजित तनेजा और अदिती शर्मा अपने इस शो के बारे में बात करने आज दिल्ली पहुंचे। कलीरें‘ का निर्माण ट्राएंगल फिल्म्स की प्रिया मिश्रा और निखिल सिन्हा ने किया है। इस शो का प्रसारण हर सोमवार से शुक्रवार, शाम 7ः30 बजे जी टीवी पर किया जा रहा है।
दिल्ली पहुंचकर दोनों कलाकारों ने अपने बचपन के दिनों की यादें ताजा कीं। इन दोनों की परवरिश इसी शहर में हुई है। इस मौके पर उन्होंने इस शो के बारे में भी बात की। दोनों ही कलाकारों ने बताया कि वे इस बात में यकीन करते हैं कि एक लड़की को अपने होने वाले दूल्हे में अपना भविष्य देखना चाहिए ना कि खुद को बदलने की कोशिश करनी चाहिए।
अपनी दिल्ली यात्रा को लेकर अरजित तनेजा कहते हैं, ‘‘कलीरें, शादी का एक बहुत महत्वपूर्ण पक्ष पेश करता है। यह उन सामाजिक दबावों को भी दर्शाता है जो एक लड़की को झेलना पड़ता है, जब उसका परिवार उसके लिए एक उपयुक्त दूल्हे की खोज करता है। विवान का मेरा किरदार एक चालाक एनआरआई का है, जो मूलतः पंजाब से हैं। अपने अनुभवों और परिस्थितियों के आधार पर विवान यह मानता है कि सभी मिडिल क्लास लड़कियां खुद को सिर्फ इसलिए संवारती हैं ताकि वह अमीर लड़कों का ध्यान आकर्षित कर सकें। वो मानता है कि ऐसे लड़के उनके लिए सोने की खान की तरह होते हैं। इस शो में मीरा के साथ उसकी लगातार नोंक-झोंक के चलते अब वह शादी के विचार से भी नफरत करने लगा है। मैं आज अपने गृहनगर दिल्ली में अपने शो को प्रमोट करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। यहां मुझे अपने परिवार के सामने के साथ वक्त बिताने का मौका भी मिलेगा। मुझे अपनी मां के हाथ का बना खाना खाने का भी इंतजार है।
वहीं दूसरी ओर, अपने घर दिल्ली आने को लेकर एक्ट्रेस अदिति शर्मा कहती हैं, ‘‘हालांकि कलीरे के लिए मैं अस्थायी तौर पर मुंबई शिफ्ट हो गई हूं, लेकिन मेरा दिल तो दिल्ली में बसता है। व्यक्तिगत तौर पर मैं अपने किरदार मीरा से अच्छी तरह जुड़ती हूं क्योंकि वो आत्मनिर्भर लड़की है और शादी के लिए खुद को बदलने का उसका कोई इरादा नहीं है। मेरी समझ में यह नहीं आता कि आखिर अपने होने वाले पति के साथ एक नया सफर शुरू करने से पहले एक लड़की में कुछ खास गुणों का होना क्यों जरूरी है? मीरा का किरदार रियल है। वह आज की भारतीय नारी है जो एक आदर्श दुल्हन के सांचे में खुद को ढालने से इंकार कर देती है। वह अपने होने वाले पति को इम्प्रेस करने के लिए खुद को बदलने को तैयार नहीं है।
इस शो में बीते कुछ हफ्तों से विवान, अदिति के शहर होशियारपुर में अपनी मां को ढूंढ़ रहा है। उसे यह जानकर बहुत आश्चर्य होता है कि उसकी मां को ढूंढ़ने के लिए मीरा ही सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके बाद वो मीरा का दोस्त बनकर धीरे-धीरे उसका विश्वास जीतने लगता है, लेकिन क्या मीरा विवान का असली मकसद जान पाएगी और उसके इस बदले हुए व्यवहार के पीछे का राज समझ पाएगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *