वियतनाम में बाढ़, भूस्खलन से 37 की मौत, कई लापता
हनोई। उत्तरी और मध्य वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 37 लोग मारे गए और 40 अन्य लापता हो गए। यह जानकारी आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने दी है। भारी बारिश ने इस हफ्ते देश के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया जिसमें उत्तरी होआ बिन प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। वहां 11 लोगों की मौत हो गई और 21 लापता हैं।
एक आपदा प्रबंधन अधिकारी ने एएफपी को फोन पर बताया, “ लापता लोगों की खोज के लिए हम सभी बलों का इस्तेमाल कर रहे हैं।” वियतनाम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि छह प्रांतों में कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई है और प्राधिकरण दर्जनों लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
इस साल खराब मौसम के चलते वियतनाम बहुत अधिक प्रभावित हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस साल प्राकृतिक आपदा के कारण करीब 170 लोग मारे गए या लापता हो गए तथा 3 करोड़ 60 लाख अमेरिकी डॉलर की संपत्ति का नुकसान हुआ है।