विवादित चुनाव में विजेता घोषित हुए होंडुरास के राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नान्डेज
टेगुसिगल्पा। राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नान्डेज को विवादित चुनाव में विजेता घोषित किया गया। इसके बावजूद अशांत हालात बने हुए हैं क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी साल्वाडोर नासरल्ला ने आज और विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की। नासरल्ला ने कहा कि वह गड़बड़ी के अपने दावों को ऑर्गेनाइजेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स (ओएएस) तक लेकर जाएंगे। निर्वाचन अदालत के अध्यक्ष डेविड माटामोरोस ने कल शाम यह घोषणा की।
अदालत की आधिकारिक गणना के मुताबिक हर्नान्डेज ने 42.95 फीसदी मतों से जीत दर्ज की। प्रतिद्वंद्वी नासरल्ला ने परिणाम को चुनौती देते हुए कहा कि वह इसे स्वीकार नहीं करेंगे। नासरल्ला की पार्टी ने सोमवार को और प्रदर्शनों की घोषणा की है। 26 नवंबर को चुनाव के बाद से सड़कों पर हिंसक झड़पों में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। नासरल्ला कथित गड़बड़ी के अनेक सबूत देने वॉशिंगटन पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह ओएएस, अमेरिकी विदेश विभाग तथा मानवाधिकार समूहों से मिलने की योजना बना रहे हैं।