संयुक्त विकास परियोजनाओं पर भारत और यूएई काम करने पर सहमत
अबू धाबी। भारत और यूएई युद्धग्रस्त अफगानिस्तान सहित तीसरे देशों के लिए संयुक्त विकास परियोजनाएं शुरू करने पर सहमत हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संयुक्त अरब अमीरात ‘‘यूएई’’ की दूसरी यात्रा के पूरे होने के बाद जारी किए गए एक संयुक्त बयान में यह जानकार दी गई।
मोदी कल राजधानी अबू धाबी पहुंचे थे और उन्होंने शहजादे के साथ विस्तृत बातचीत की थी। इसके साथ ही दोनों देशों ने पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा में एक भरोसेमंद सहयोगी होने के लिए यूएई का आभार जताया और शहजादे को भारत दौरे का निमंत्रण दिया।
बयान के अनुसार, ‘‘दोनों नेताओं ने विकास एवं मदद के क्षेत्र में एक-दूसरे के अनुभव साझा करने के महत्व पर भी चर्चा की। इसे देखते हुए वे तीसरे देशों के लिए संयुक्त विकास परियोजनाएं शुरू करने पर सहमत हुए जिसमें अफगानिस्तान के लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए वहां संयुक्त परियोजनाओं की संभावनाएं तलाशना शामिल है।’’