राष्ट्रीय

दिल्ली में कोहरे के कारण विमान, रेल सेवाएं प्रभावित

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में आज घने कोहरे के कारण 14 विमानों ने देरी से उड़ान भरी और 60 ट्रेनें तय समय से देरी से चलीं।
मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘सुबह साढ़े आठ बजे न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता 100 प्रतिशत रही।’ सुबह साढे़ पांच बजे दृश्यता 300 मीटर थी जो सुबह साढे़ आठ बजे थोड़े सुधार के साथ 500 मीटर दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक ने आज दोपहर में मौसम साफ रहने और अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान लगाया है।
हवाईअड्डा अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण 14 विमानों ने तय समय से देरी से उड़ान भरी। रेल अधिकारी के अनुसार कोहरे के कारण 60 ट्रेनें तय समय से देरी से चलीं, 18 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया और 14 ट्रेनें रद्द की गई हैं। कल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18.4 डिग्री सेल्सियस और 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *