लाखों छठ व्रत धारियों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है दिल्ली सरकार-मनोज तिवारी
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सरकार के दावों पर शंका जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ कागजों में तैयारी कर लाखों लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने की तैयारी में है। जहां यमुना के किनारों पर गंदगी के ढेर हैं वही पार्कों में वर्षों से चली आ रही पूजा के घाटों को तैयार नहीं किया गया है।
श्री तिवारी ने कहा एक सप्ताह के बाद छठ पूजा पर दिल्ली के लाखों लोग छठ महापर्व में छठ की आराधना के लिए तैयारियों में जुट गए हैं, वही केजरीवाल सरकार छठ घाटों की तैयारी पर ध्यान देने की जगह राजनीतिक रूप से जनता को गुमराह करने में व्यस्त है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि केजरीवाल सरकार छठ तैयारी में भी राजनीति खेल रही है, सरकारी अधिकारीयों पर दबाव है कि बिना विधायकों के फोन अनुमोदन के किसी घाट समिति को सहयोग न दे। समितियों पर मुख्य मंत्री के चित्र वाले होर्डिंग लगाने का दबाव डाला जा रहा है।
श्री तिवारी ने कहा है कि मुख्य मंत्री और उनकी सरकार के भरोसे दिल्ली के लाखों लोगों की छठ पूजा तैयारियों को छोड़ना एक बड़ी चूक होगी, इसलिए उन्होंने दिल्ली के तीनों निगमों को पत्र लिखकर छठ घाटों पर अधिक से अधिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने और सफाई व्यवस्था कराने के लिए विशेष अभियान चलाने का अनुरोध किया है। साथ ही छठ घाटों पर आवश्यक श्रमदान कर भाजपा के कार्यकर्ता निगम कर्मचारियों और अधिकारियों का मनोबल बढ़ाएंगे।