राजनीति

26 फरवरी को चलाया जायेगा कमल ज्योति अभियान : विजया राहटकर

नई दिल्ली। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर ने दो दिन के संगठनात्मक प्रवास के दौरान प्रदेश कार्यालय पर दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मेलन को संबोधित किया। पत्रकार सम्मेलन में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम पाराशर झा, राष्ट्रीय मंत्री पूजा कपिल मिश्रा, मोर्चा प्रभारी विशाखा शैलानी, महामंत्री लता गुप्ता, प्रवक्ता टीना शर्मा, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए विजया राहटकर ने कहा कि आज के प्रवास का प्रयोजन बूथ स्तर पर जाकर महिला कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रचार घर-घर तक ले जाना है। सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र पर आधारित महिलाओं के समग्र विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। दिल्ली सरकार के स्कूल, अस्पताल पर किये तमाम दावे खोखले साबित हुए हैं और दिल्ली में विकास का एक भी कार्य नहीं हुआ है। केजरीवाल, सोनिया गांधी, लालू प्रसाद यादव व शरद पवार जैसे नेताओं को भ्रष्टाचारी बताते थे और अब उन्हीं भ्रष्टाचारियों के साथ मिलकर गठबंधन करना चाहते हैं, यह महागठबंधन नहीं महामिलावट है।
राहटकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुस्लिम महिलाओं को सक्षम और सशक्त बनाने के लिए तीन तलाक पर कानून लेकर आये। जहां एक ओर भाजपा साफ नियत सही विकास पर आधारित विकास को लेकर चल रही है वहीं विपक्षी पार्टियां महागठबंधन कर उसे महामिलावट का रूप दे रही हैं। देश भर में संगठनात्मक कार्य विशेष रूप से किये जा रहे हैं जिसके तहत 26 फरवरी, 2019 को कमल ज्योति अभियान चलाया जायेगा, हर बूथ पर कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर जाकर कमल ज्योति जलायेंगे। लोगों के घर के आंगन के बाहर कमल दीप प्रज्ज्वलित कर मोदी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा लोगों के बीच करेंगे।
‘दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा’ महिलाओं को भाजपा से जोड़ने के लिए कमल मेंहदी लगाकर नमो अगेन का संकल्प दिलायेंगी। 2 मार्च, 2019 को बाइक रैली सभी विधानसभाओं में निकाली जायेगी जिसमें महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बढ़ चढ़कर भाग लेंगीं। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली में प्रबुद्ध महिला सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा जिसके तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं को बूथ स्तर पर प्रचार कर उन्हें पुनः प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पहली पार्टी है जिसने महिलाओं को संगठन एवं सरकार में सबसे अधिक भागीदारी दी है।
राहटकर ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 9 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराकर देश की माताओं और बहनों को सम्मान से जीने का अधिकार दिया। मुद्रा लोन योजना के अंतर्गत 13 करोड़ लोगों को लोन दिया गया जिसमें से 75 प्रतिशत लोन महिलाओं को दिया गया। 6 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनैक्शन देकर उन्हें धुएं भरी जिंदगी ने निजात दिलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 करोड़ महिलाओं को पक्का घर दिया गया। सौभाग्य योजना के माध्यम से सभी घरों तक बिजली पहुंचाकर उनके जीवन के अंधेरे को दूर करने का काम किया है। महिला सुरक्षा के लिए कांग्रेस सरकारों ने सिर्फ वायदे किये काम एक भी नहीं किया। बालिकाओं के विरूद्ध अपराधों में कमी लाने के लिए फांसी तक की कठोर सजा का प्रावधान किया है।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पूनम पराशर झा ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नीति, नियत और निर्णय लेने की क्षमता केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में है। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने केन्द्र सरकार की दो जनकल्याणकारी योजनाओं को आयुष्मान भारत और आर्थिक रूप से कमजोर सवणों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण को रोककर दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात किया है। केजरीवाल सरकार ने चुनावी वायदे दिल्ली की जनता से किये लेकिन वे सभी हवा-हवाई हो गये। न सीसीटीवी लगा न फ्री वाई-फाई। केजरीवाल के 70 वायदे 74 झूठ की पोल खोलने का अभियान दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर कर रही हैं। दिल्ली की सभी सातों लोकसभा की सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *