राजनीति

भाजपा के घोषणा पत्र को आप ने बताया झूठ का पुलिंदा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणा पत्र को झूठ का नया पुलिंदा बताते हुए कहा कि भाजपा द्वारा पिछले चुनाव के दौरान किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भाजपा को नोटबंदी, रोजगार और किसानों के मुद्दे घेरने की कोशिश की। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि भाजपा यह जवाब देने की स्थिति में नही है कि नोटबंदी क्यों किया गया और दो करोड़ नौकरियों का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के घोषणा पत्र में भाजपा ने दिल्ली वालों को पूर्ण राज्य का वादा किया था लेकिन अब 2019 के घोषणा पत्र से इसे हटा लिया गया। ये दिल्ली के साथ धोखा है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के बाद भाजपा ने भी मान लिया कि वर्ष 2020 में दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। यही कारण है कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र से दिल्ली को पूर्ण राज्य देने का वादा हटा दिया। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को शहीद का दर्जा और पेंशन देने की बात भी नहीं कही गई है। उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव 2019 के लिए संकल्प पत्र के नाम से घोषणा पत्र जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *