हलचल

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में गर्मी ने तोड़ा 12 साल का रिकॉर्ड

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भीषण गर्मी का कहर बुधवार को भी जारी है। सुबह आठ बजे के बाद से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरु कर दिया। शहर का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा। जबकि अधिकतम तापमान 46 डिग्री को पार गया है। इससे पहले मंगलवार को भी तीखी धूप लोगों परेशान करती रही। अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया, यह इस सीजन का अबतक का सबसे अधिक तापमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, यह पिछले 12 वर्षो में सर्वाधिक है। इससे पहले सबसे ज्यादा गर्मी 1944 में पड़ी थी, जब 29 मई को तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान भी 28.2 डिग्री के साथ अपने रिकॉर्ड स्तर पर रहा।
आइएमडी के मुताबिक, 30 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 31 को आसमान में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश हो सकती है। वहीं एक जून से फिर मौसम बदलेगा। गर्मी बढ़ने की संभावना है। इससे पहले मंगलवार को सुबह से ही कड़ी धूप रही। दोपहर 12 से तीन बजे तक सूरज की तेज तपिश के साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों ने परेशान किया। घरों से बाहर निकले लोग अपना मुंह ढंके हुए नजर आए। पूरे दिन गर्म हवाएं चलती रहीं। आर्द्र ता का स्तर 15 से 29 फीसद के बीच रहा। इससे पूरे दिन गर्मी बनी रही।
स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि लंबे समय से शुष्क मौसम और पाकिस्तान के सिंध प्रांत और बलूचिस्तान से होकर राजस्थान की गर्मी लिए जो हवाएं दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच रही हैं। इसका असर बढ़ते तापमान के रूप में देखने को मिल रहा है। अगले कुछ दिनों तक तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। इस बीच लू का प्रकोप बना रहेगा। उधर, पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर के पास पहुंचा है, लेकिन यह सिस्टम काफी कमजोर है। इससे सप्ताह के अंत में बारिश की संभावना है। हालांकि बारिश से उमस बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *