मनोरंजनमूवी रिव्यु

नॉर्थ ईस्ट और वहां के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव जैसे गंभीर मुद्दे को गंभीरता से उठाती है फिल्म ‘‘अनेक’’ की कहानी

फिल्म का नाम : अनेक
फिल्म के कलाकार :
आयुष्मान खुराना, एन्ड्रिया केविचसा, मनोज पाहवा, जे.डी. चक्रवर्ती, कुमुद मिश्रा और अन्य
फिल्म के निर्देशक :
अनुभव सिन्हा
रेटिंग :
3/5

निर्देशक अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘‘अनेक’’ नॉर्थ ईस्ट और वहां के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव जैसे गंभीर मुद्दे को मुखरता से उठाती है। साल 2019 में आई फिल्म आर्टिकल 15 के बाद निर्देशक अनुभव सिन्हा के साथ आयुष्मान की ये दूसरी फिल्म है। फिल्म 27 मई, 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

फिल्म की कहानी :

फिल्म की कहानी नॉर्थ ईस्ट और वहां के लोगों के साथ आए दिन होने वाले भेदभाव पर आधारित है। फिल्म में यह बताने की कोशिश की गई है कि कैसे नॉर्थ ईस्ट के किसानों की पूरी फसल हाईवे पर खड़े ट्रकों में सड़ जाती है क्योंकि उन्हें दूसरी तरफ से आती फौज की गाड़ियों के लिए जगह बनानी होती है। इस फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना एक अंडर कवर कॉप बने हैं। फिल्म में आर्टिकल 371 की बात की गई है जिसके तहत भारतीय संविधान के अनुसार देश के कुछ राज्यों को सीमित स्वायत्तता दी गई है। यह दिखाया गया है कि सरकार नॉर्थ ईस्ट में पीस यानि शांति चाहती है। इसलिए शांति वार्ता की जाती है। शांति समझौते पर हस्ताक्षर होना बहुत ही ज़रूरी है इसलिए नॉर्थ ईस्ट में शांति समझौते के मिशन के तहत टाईगर सांगा के साथ सरकार शांति समझौते पर हस्ताक्षर कराना चाहती है इसलिए एक अंडरकवर कॉप (आयुष्मान खुराना) को नॉर्थ ईस्ट भेजा जाता है। फिल्म के ज़रिए यह मैसेज देने की कोशिश की गई है कि पीस किसी को नहीं चाहिए, सभी को पीस एकॉर्ड चाहिए। एक जगह यह कहा भी गया है कि ‘हिंसा को बनाए रखना शांति बनाए रखने से ज्यादा आसान है।’ आईडो (एंड्रिया) भारत की तरफ से बॉक्सिंग खेल कर देश के लिए जीतना चाहती है लेकिन देश के लोग उसे भारतीय नहीं समझते लेकिन वो ज़रूर भारत को अपना देश समझती है।

कलाकारों की अदाकारी :

इसमें कोई दो राय नहीं है कि आयुष्मान एक बेहतरीन अभिनेता हैं, हर तरह के रोल में वो फिट बैठते हैं। इस फिल्म में आुयष्मान गंभीर किरदार में हैं। अभिनेता क्षेत्र और भाषा के आधार पर बंटे भारत पर भी सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। इस फिल्म के जरिए अभिनेता एक बार फिर एक गंभीर मुद्दे को दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं। अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों को हंसाने वाले अभिनेता आयुष्मान खुराना इस बार अपनी फिल्म के पर्दे पर गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाते नजर आ रहे हैं। फिल्म में एक्टर का एक्शन मोड वाला अंदाज भी लोगों को पसंद आएगा।
मनोज पाहवा और कुमुद मिश्रा दोनों कमाल के अभिनेता है दोनों ने अपनी अदाकारी से लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई है। इस फिल्म में मनोज पाहवा एक सीनियर ऑफिसर की भूमिका में है और कुमुद मिश्रा नेता की भूमिका में हैं। एंड्रिया केविचसा एक बॉक्सर की भूमिका में हैं देश के लिए खेलना और जीतना चाहती है। एंड्रिया की अदाकरी भी आपको ज़रूर पसंद आएगी। अन्य सभी ने अपने किरदारों को बखूबी निभाया है।

फिल्म को नॉर्थ ईस्ट इंडिया के लोकेशन में शूट किया गया है लेकिन फिल्म के कुछ हिस्से को दिल्ली के इंपीरियल होटल में भी शूट किया गया है। इस फिल्म को अनुभव सिन्हा द्वारा लिखा और निर्देशित किया गया है। फिल्म के ज़रिए अनुभव ने एक गंभीर मुद्दे को लोगों के सामने प्रस्तुत करने की कोशिश की है। हम सभी जानते हैं कि भारतीय होते हुए भी नॉर्थ ईस्ट के लोगों को भेदभाव झेलना पड़ता है, उन्हें बार-बार मानसिक रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। फिल्म के फर्स्ट हाफ की कहानी को लोगों को समझने में थोड़ी मुश्किल आ सकती है क्योंकि ज्यादातर लोगों को आर्टिकल 371 के बारे में पता ही नहीं है। और शुरूआत में समझ में नहीं आता की फिल्म में चल क्या रहा है। सेकिंड हाफ में आते-आते फिल्म रफ्तार पकड़ती है और सबकुछ क्लियर हो जाता है कि कहानी क्या है।

फिल्म क्यों देखें? :

फिल्म की कहानी आपको यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर क्यों नॉर्थ ईस्ट के लोगों को भारतीय होते हुए भी भेदभाव सहन करना पड़ता है?

-SHABNAM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *