हलचल

श्री अशोक सिंघल की याद में 5 सितंबर को दिए जाएंगे वैदिक पुरस्कार

नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की याद में सिंघल फाउंडेशन की ओर से भारतात्मा अशोक सिंघल वैदिक पुरस्कार का तीसरा संस्करण 5 सितंबर को नई दिल्ली के 89, लोधी एस्टेट स्थित चिन्मय मिशन में आयोजित किया जाएगा। यह पुरस्कार वैदिक शिक्षा देने वाले सर्वश्रेष्ठ विद्यालय, वेद ज्ञान में सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी और वेद पढ़ाने वाले सर्वश्रेष्ठ शिक्षक को दिया जाएगा। परम पूज्य स्वामी तेजोमायानंद (पूर्व अध्यक्ष, चिन्मया मिशन) समारोह के सम्मानित अतिथि होंगे। इस पुरस्कार समारोह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारत में वैदिक शिक्षा का प्रचार-प्रसार करना है और उन दिग्गज हस्तियों और विद्वानों की कोशिशों की सराहना करना है, जो वेदों के पठन-पाठन और वैदिक शिक्षा के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं। पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ छात्र को ₹ 3 लाख, सर्वश्रेष्ठ टीचर को ₹ 5 लाख और सर्वश्रेष्ठ स्कूल को ₹ 7 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
सिंघल फाउंडेशन के ट्रस्टी सलिल सिंघल ने बताया, “हिंदुत्व के प्रखर पुरोधा और विचारक होने के साथ माननीय अशोक सिंघल वेदों के अच्छे ज्ञाता थे। उनके लिये वेद पढ़ना और वेदों के ज्ञान का प्रचार-प्रसार करना एक मिशन था। इसके परिणामस्वरूप उन्होंने वैदिक शिक्षा देने के लिए कई विद्यालय और संस्थान खोले। वैदिक ज्ञान से अशोक जी के गहरे प्रेम ने हमें यह फाउंडेशन बनाने के लिए प्रेरित किया।“
सिंघल फाउंडेशन के एक अन्य ट्रस्टी संजय सिंघल ने कहा, “इस साल भारतात्मा अशोक सिंघल वैदिक पुरस्कार के तीसरे संस्करण का आयोजन 5 सितंबर को किया जाएगा। हम परमपूज्य स्वामी तेजोमायानंद जी के बहुत आभारी है कि उन्होंने इस साल के पुरस्कार समारोह में सम्मानित अतिथि बनना स्वीकार किया। माननीय अशोक सिंघल की याद में वैदिक पुरस्कार देने के लिए सभी वैदिक स्कूलों से प्रविष्टि मंगाई गई। वैदिक पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे।“
संजय सिंघल ने बताया कि पुरस्कार समारोह के लिए एक विशेष समिति बनाई गई है, जो हर साल 10 जून तक मिली एंट्रीज में से उम्मीदवारों को शॉर्ट लिस्ट करती है। कमिटी इसके बाद एंट्रीज को सत्यापित करने के लिए शॉर्ट लिस्ट किए गए संस्थानों का दौरा करती है। इसके बाद कमिटी 3 श्रेणियों में से 3 नामों की सिफारिश करती है। इसके बाद प्रतिष्ठित जूरी, जिसमें वैदिक विशेषज्ञ शामिल हैं, हर श्रेणी से एक-एक विजेता का चुनाव करती है।
पिछले साल 81 वर्ष के श्री विनायक बादल को शतपथ ब्राह्मण की शिक्षा को पुनर्जीवित करने के लिए लाइफ टाइम पुरस्कार दिया गया। पंकज शर्मा को 2018 में सर्वश्रेष्ठ छात्र का पुरस्कार दिया गया था। पंकज शर्मा ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा था, “मैं वेद की शिक्षा का दुनिया भर में प्रचार-प्रसार करना चाहता हूं और वेदों को उनका उचित स्थान दिलाना चाहता हूं। सिंघल फाउंडेशन की ओर से पहचान मिलने के बाद मुझे मेरी जिंदगी की सही राह मिल गई। इस आर्थिक सहायता से मैं अपने सपनों का पीछा करने में काबिल हो पाया। भारत को आध्यात्मिकता की धरती कहा जाता है क्योंकि यहां वेदों को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। इस पुरस्कार से मुझे वेदों के प्रचार-प्रसार और अधिक तन्मयता और ऊर्जा से करने की प्रेरणा मिली।“
पिछले साल महाराष्ट्र के सद्गुरु निजानंद महाराज वेद विद्यालय को सर्वश्रेष्ठ वैदिक विद्यालय का पुरस्कार मिला। जूरी ने वेदों की शिक्षा के लिए सर्वश्रेष्ठ अध्यापक के रूप में श्रीधर आदि का चयन किया और उन्हें पांच लाख का नकद पुरस्कार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *