राष्ट्रीय

हर्षोल्लास के साथ देशभर में मनाई गई होली

नई दिल्ली। देशभर में आज हर्षोल्लास से होली मनायी गयी और लोगों ने सांस्कृतिक सद्भाव का संदेश देते हुए एक दूसरे को रंग लगाया, मिठाइयां खिलाईं और बधाइयां दीं। हालांकि राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी में एक दलित किेशोर की कथित रुप से पीट-पीटकर हत्या कर दिये जाने से रंग में भंग पड़ गया। होली खेलने के दौरान कुछ लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा। वैसे देशभर में सुबह से ही लोग एक दूसरे के चेहरे पर रंग गुलाल लगाने लगे और बच्चे अपनी बॉलकनियों एवं छतों से रंग भरे गुब्बारे लोगों पर फेंकने लगे। लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी। जगह जगह लोग सड़कों पर नाचते-गाते और झूमते नजर आए।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को होली की बधाई दी। राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया, ‘‘होली के पावन मौके पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं। रंगों का त्योहार होली हमारे समाज में सद्भाव के तौर पर मनाया जाता है। होली सभी के लिए शांति, खुशहाली और समृद्धि लाए। ’’
नायडू ने ट्विटर पर कामना की, ‘‘यह पर्व हमारे जीवन को शांति, सद्भाव, समृद्धि और खुशहाली के रंग दे। होली की बधाई।’’ प्रधानमंत्री ने होली की बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘सभी को होली की बधाई।’’ वैसे दिल्ली में चल रहे सीलिंग अभियान के विरोध में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी निवास चार फ्लैग स्टाफ रोड पर होली नहीं मनायी गयी। आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के निवास पर होली नहीं मनायी गयी। दिल्ली में सीलिंग अभियान के विरोध में यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इस ट्वीट को मुख्यमंत्री ने रिट्वीट किया।
उत्तर प्रदेश में रंगों का यह त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास से मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आरएसएस और हिंदू वाहिनी के फाल्गुन महोत्सव में शामिल हुए। वैसे वह पारंपरिक नरसिंह यात्रा में शामिल नहीं हुए। वह होली के मौके पर पिछले 22 साल से इस यात्रा की अगुवाई करते रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग होली नहीं खेलना चाहते हैं, उन पर जबर्दस्ती रंग न डालें। यह ऐसा त्योहार है जो सद्भाव एवं भाईचारे का प्रतीक है। ’’
मथुरा में तीर्थयात्रियों ने द्वारिकाधीश और बिहारी जी के मंदिर में प्राकृतिक रंगों से होली खेली। राजस्थान में मुख्यमंत्री वसुधरा राजे ने अपने संदेश में कहा, ‘‘रोमांच, उत्साह और रंगों का यह त्योहार परस्पर भाईचारे, प्यार, खुशहाली और समृद्धि को मजबूत करे। ’’
पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी लोगों ने हर्षोल्लास के साथ होली मनायी। हिमाचल प्रदेश में ठंडी सुबह के बावजूद लोग सड़कों पर उतरे और होली खेली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सरकारी निवास पर होली मिलन का आयोजन किया था। वह पालमपुर होली उत्सव में भी पहुंचे। पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने भी लोगों को होली की बधाई दी।
बॉलीवुड हस्तियां शबाना आजमी और जावेद अख्तर ने श्रीदेवी की पिछले हफ्ते हुई आकस्मिक मृत्यु को लेकर होली कार्यक्रम रद्द कर दिया। मुम्बई में ग्रीन एकड़र्स कॉपरेटिव हाउसिंग सोसायटी लिमिटेड ने अपना होली कार्यक्रम रद्द कर दिया। श्रीदेवी इसी सोसायटी में रहती थीं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *