राष्ट्रीय

तेज हुई मानसून सत्र की सरगर्मियां, लोकसभा अध्यक्ष से मिले संसदीय कार्य मंत्री

-डॉ. प्रभात कुमार सिंघल, कोटा
संसद के सोमवार से प्रारंभ हो रहे मानसून सत्र को लेकर सरगर्मियां तेजी हो गई हैं। संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल और वी. मुरलीधरन ने शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके घर जाकर भेंट की।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला और तीनों मंत्रियों के बीच सत्र की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सत्र के दौरान सदन में कोविड गाइडलाइंस की पालना, सोशल डिस्टेंसिंग, स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी तैयारियों के साथ सदन में कामकाज को लेकर लोकसभा अध्यक्ष और मंत्रियों ने करीब 35 मिनट मंथन किया। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें आशा है कि सत्र के दौरान पूर्व की भांति पक्ष और विपक्ष से सहयोग मिलेगा तथा हम जनता की आशाओं व अपेक्षाओं के पूरा करने की दिशा में सक्रियता से कार्य करेंगे।
इससे पूर्व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड़ा तथा पंकज चौधरी के साथ लोकसभा अध्यक्ष बिरला से उनके घर जाकर मिलीं। इस दौरान बिरला और मंत्रियों के बीच विविध विषयों में बात हुई। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि निर्मला जी के नेतृत्व में वित्त मंत्रालय यूंही देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी भी शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष बिरला से मिलीं तथा मार्गदर्शन प्राप्त किया।

  • नवीन व नवीकरणरीय ऊर्जा क्षेत्र में असीम संभावनाएं

केंद्रीय विद्युत तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय मंत्री आरके सिंह ने भी लोकसभा अध्यक्ष बिरला से शनिवार दोपहर उनके घर जाकर बात की। इस दौरान बिरला ने उन्हें नए दायित्व की शुभकामना देते हुए कहा कि परम्परागत ऊर्जा के साथ नवीन और नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में आज असीम संभावनाएं हैं। पूरे विश्व में आज नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा के अधिकतम उत्पादन और उपयोग पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे आशा है कि आरके सिंह के नेतृत्व में इस दिशा में तेजी से कार्य होगा।

  • नए दायित्व भी कुशलता से निभाएंगे गोयल

केंद्रीय कपड़ा, वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री पीयूष गोयल भी शनिवार रात लोकसभा अध्यक्ष बिरला से मिले। बिरला ने ने उन्हें दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उम्मीद जताई कि जिस कुशलता से उन्होंने पिछली जिम्मेदारियों को पूरा किया, उसी तरह नए दायित्वाों के निर्वहन में भी वे सफल रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *