राष्ट्रीय

एनडी तिवारी के निधन से पूरे उत्तर प्रदेश में शोक की लहर

लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन पर पूरे उत्तर प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर समेत कई प्रमुख नेताओं ने शोक जताया है। उनके अंत्येष्टि संस्कार के दिन प्रदेश में राष्ट्रीय ध्वज झुकाये जाएंगे। यदि उनका अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश में होता है तो पुलिस सम्मान के साथ अंत्येष्टि होगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने शोक प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि एनडी तिवारी ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया था। आजादी के बाद स्वतंत्र भारत में उन्होंने सरकारों में रहकर विकास पुरुष की भूमिका निभाई। तिवारी के निधन पर सपा प्रदेश मुख्यालय में सपा का झंडा झुका दिया गया। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में शोक सभा में नेताओं ने एनडी तिवारी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।
नारायण दत्त तिवारी के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उनके पुत्र से बात की। संवेदना जताते हुए उन्होंने कहा कि अपनी लोकप्रियता, संवेदनशीलता और कुशल प्रशासन के लिए तिवारीजी हमेशा याद किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नारायण दत्त तिवारी तीन बार उत्तर प्रदेश और एक बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र सरकार में भी कई बार मंत्री रहे। इसके अलावा उन्होंने कई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली। वह बिना किसी भेदभाव सबके विकास के हिमायती थे।
बता दें कि एनडी तिवारी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए शनिवार को लखनऊ आएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से अनुरोध किया है कि वे दिल्ली जाकर एनडी तिवारी के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ लखनऊ लाएं। शनिवार को डॉ. शर्मा विशेष विमान से तिवारी का पार्थिव शरीर लाएंगे। योगी आदित्यनाथ ने एनडी के पुत्र रोहित शेखर तिवारी से बात कर शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ ही आवश्यक व्यवस्था के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं। प्रदेश में 20 और 21 अक्टूबर को राजकीय शोक की घोषणा की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर 20 अक्टूबर, शनिवार को विधान भवन में अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रखा जाएगा।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य व्यक्ति विधान भवन में एनडी तिवारी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। शनिवार की शाम को ही तिवारी का पार्थिव शरीर पंतनगर, उत्तराखंड ले जाया जाएगा, जहां उनका दर्शन व श्रद्धांजलि अर्पित की जा सकेगी। रविवार को उत्तराखंड में एनडी तिवारी की अंत्येष्टि संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *