खेल

एशियाई अंडर-23 महिला कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ चयन

सोनीपत। गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गुरु सदन, बड़वासनी स्थित कुश्ती अकादमी की चार महिला पहलवान टीना, मीनाक्षी, रीना व नैना आगामी 21-24 मार्च तक उलनबटोर, मंगोलिया में होने वाली एशियाई अंडर-23 महिला कुश्ती चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। लखनऊ स्थित साई सेंटर में आयोजित ट्रायल में इन महिला पहलवानों का चयन भारतीय टीम में किया गया है। बुधवार को कुश्ती अकादमी में पहुंची इन पहलवानों का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। संस्थान के चेयरमैन नरेंद्र सूरा, नर्सिंग की प्राचार्या आर.रंजीता देवी, स्कूल की प्राचार्या ए.शर्मिला, अंतरराष्ट्रीय कोच राज सिंह छिक्कारा आदि ने इन पहलवानों को बधाई देते हुए एशियाई चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी।
अकादमी के कोच रणधीर सिंह ने बताया कि एशियाई अंडर-23 महिला कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में कुल दस महिला पहलवानों का चयन किया गया है, जिसमें से चार पहलवान गुरु सदन स्थित कुश्ती अकादमी में अभ्यास करती हैं। उन्होंने बताया कि आगामी एशियाई अंडर-23 चैंपियनशिप में रीना अंडर-53 किलो, मीनाक्षी अंडर-57, टीना अंडर-65 व नैना अंडर- 72 किलो भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। ये चारों पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले भी अपना जलवा दिखा चुकी है। टीना ने वर्ष 2017 में बैंकाक में आयोजित एशियन कैडेट वूमेन चैंपियनशिप में भी देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया था। उसने नेशनल कैडेट, नेशनल स्कूल गेम्स सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। रणधीर सिंह ने बताया कि चारों पहलवानों ने लखनऊ में आयोजित ट्रायल में जोरदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। उन्होंने भरोसा जताया कि ये सभी आगामी प्रतियोगिता में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगी। भारतीय महिला कुश्ती टीम के चीफ कोच कुलदीप सिंह मलिक, एईईओ जगबीर मलिक, जानी कोच आदि ने भी भारतीय टीम में इनके चयन पर संदेश भेजकर इन्हें बधाई दी है। भारतीय महिला कुश्ती टीम में इन पहलवानों के चयन से कुश्ती अकादमी में अभ्यास करने वाली महिला पहलवानों में भी खुशी की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *