हलचल

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अधिकारियों ने किया स्वर्णप्रस्थ म्यूजियम का दौरा

सोनीपत। शहर के कोट मोहल्ले पर स्थित स्वर्णप्रस्थ म्यूजियम अब जल्द ही पर्यटकों के लिए तैयार कर खोलने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब यहां पर करीब 35 करोड़ रुपये की एतिहासिक वस्तुओं के सजाने का काम शुरू होगा। इसी सिलसिले में बुधवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के पदाधिकारियों ने स्वर्णप्रस्थ का दौरा किया व पूरा विजन एवं कंसैप्ट तैयार किया। दौरा करने वाले अधिकारियों में फाइनैंस विभाग के ओ.एस.डी. बी.एस. बिष्ट, संरक्षण विभाग के एच.ओ.डी. डा. अचल कुमार पंडया व पुरातत्व विभाग के पूर्व निदेशक एवं वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सलाहकार डा. धर्मबीर शर्मा शामिल थे।
बुधवार को सभी अधिकारियों ने नगर निगम के आयुक्त सुजान सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर शंभु राठी से मुलाकात कर उनसे जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ सोसायटी फॉर दी डवैल्पमेंट एंड ब्यूटीफिकेशन ऑफ दी सोनीपत टाऊन के सदस्य सचिव राजेश खत्री ने उन्हें अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला के लोगों ने म्यूजियम के लिए 35 करोड़ रुपये से अधिक की वस्तुएं दी हैं और यह वस्तुएं बेशकीमती हैं। उन्होंने म्यूजियम के कार्य के लिए उपायुक्त डा. शालीन व नगर निगम के कमिश्नर सुजान सिंह का धन्यवाद भी किया।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली से पहुंची तीन सदस्यीय टीम में शामिल पुरातत्व विभाग के पूर्व निदेशक डा. धर्मबीर शर्मा ने बताया कि स्वर्णप्रस्थ म्यूजियम केवल एतिहासिक वस्तुओं का प्रदर्शन ही नहीं करेगा बल्कि हरियाणा की समृद्ध संस्कृति को भी प्रदर्शित करेगा। साथ ही यहां आकर पर्यटकों को ऐसा आभास होगा कि वे हरियाणा की संस्कृति के साथ-साथ यहां की परम्पराओं से भी रूबरू हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत की पुरातन सांस्कृतिक प्रगति को दर्शाने के लिए ऐसे म्यूजियम कारगर साबित होंगे। साथ ही मौर्य काल से लेकर गुप्त काल और फिर वर्तमान में भारतीय इतिहास की विशेषताओं को प्रदशर््िात किया जाएगा। डा. अचल पंडया ने बताया कि म्यूजियम में रखी जानी वाली वस्तुएं बेहद पुरातन हैं। ऐसे में उन्हें सहेज कर रखने की जरूरत है। जल्दी ही वस्तुओं की सजावट का काम शुरू किया जाएगा। टीम ने बताया कि वे शीघ्र ही म्यूजिम को आधुनिक रूप देने का काम शुरू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *