व्यापार

बाघ संरक्षण अभियान को बढ़ावा देने के लिए अनुष्का शर्मा ने डिस्कवरी से मिलाए हाथ

मुंबई। जानी-मानी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने बाघों की प्रजाति को लुप्त होने से बचाने के वैश्विक जागरूकता अभियान को बढ़ावा देने के लिए डिस्कवरी चैनल से हाथ मिलाया है। अनुष्का प्रोजेक्ट सी.ए.टी. यानी कंजर्विंग एकर्स फॉर टाइगर्स को प्रमोट करेंगी। इस प्रोजेक्ट का प्रमुख उद्देश्य तेजी से कम हो रहे जंगली बाघों के प्राकृतिक आवास को बचाने के लिए जागरूकता लाने का है। डिस्कवरी ने प्रोजेक्ट सी.ए.टी के लिए वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फंड (विश्व वन्यप्राणी कोष) के साथ साझेदारी की है। पशु कल्याण के लिए अपना योगदान देने में हमेशा आगे रहने वाली अनुष्का बाघों के संरक्षण से जुड़ी इस समाज सेवा की अगुवाई करने को तैयार हैं। साल 2017 में वैश्विक पशु कल्याण संस्था पेटा के पर्सन ऑफ द ईयर अवाॅर्ड से सम्मानित अनुष्का ने हाल ही में प्राणियों के लिए एक शरणगाह (शेल्टर) बनाने के अपने ड्रीम प्रोजेक्ट की घोषणा की है। अनुष्का बताती हैं, ‘‘आज बाघ जैसे खूबसूरत वन्यप्राणियों पर विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है। उन्हें हमारी मदद की जरूरत है। बाघ जंगल की महत्वपूर्ण प्रजाति है, जो पर्यावरण को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।‘‘ वे आगे बताती हैं, ‘‘वर्तमान हालात इंसानों के रूप में हमारी दयनीय स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं। हम सभी को यह कोशिश करनी चाहिए कि हम किस तरह इस दुनिया को रहने के लिए एक बेहतर जगह बना सकें। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी भावी पीढ़ी भी प्रकृति के इस शानदार जीव का अनुभव कर सकें। मैं इन प्राणियों के बिना दुनिया की कल्पना भी नहीं कर सकती।‘‘
इस मौके पर अनुष्का का एक वीडियो भी जारी किया गया है जिसमें उन्होंने एक प्रभावशाली संदेश दिया है। प्रोमो लिंक – https://youtu.be/0QBWCl6qn2g
डिस्कवरी कम्युनिकेशंस इंडिया साउथ एशिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं जनरल मैनेजर करण बजाज कहते हैं, ‘‘बाघ दुनिया भर में मशहूर हैं और यह जानकर दुख होता है कि बीती एक सदी में उनकी संख्या में 96 प्रतिशत की गिरावट आई है। अब दुनिया भर में केवल 3900 ही बाघ ही बचे हैं। दुनिया भर में बाघों के संरक्षण और उन्हें बचाए रखने के लिए चलाए जा
रहे अभियान के बारे में जागरूकता लाने के लिए हम अनुष्का शर्मा के साथ साझेदारी करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। हम लोग बाघों के संरक्षण के संदेश को ज्यादा से ज्यादा फैलाने के लिए हमारे मीडिया ब्रांड्स की संयुक्त ताकत का पूरा इस्तेमाल करेंगे।‘‘ 2016 में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के साथ इस साझेदारी की शुरुआत हुई, जिसमें डिस्कवरी के सी.ए.टी कार्यक्रम के तहत जंगल में बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए भारत और भूटान में उनके 2 लाख एकड़ में फैले प्राकृतिक आवास को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस साल डिस्कवरी ने प्रोजेक्ट सी.ए.टी. का दायरा बढ़ाते हुए बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्र में स्थित सुंदरवन के जंगलों में बाघ संरक्षण के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूएफ को अपना समर्थन दिया है। इस साझेदारी के तहत बाघों के संरक्षण के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। डिस्कवरी समूह का चैनल एनिमल प्लेनेट हमेशा ही वन्य प्राणियों के संरक्षण को बढ़ावा देने में अग्रणी रहा है। इस चैनल पर हाल ही में मिशन बिग कैट का दूसरा सीजन प्रसारित किया गया था, जिसमें बाघों के संरक्षण को समर्पित शोज का समावेश था। इस प्रोग्रामिंग में बिग कैट लेगेसी, जगुआर सुपर कैट्स, वैनिशिंग किंग्स टू, एक्सटिंक्ट आॅर अलाइव, क्वीन ऑफ द हंट और ब्राजील सुपर कैट्स जैसी विश्व स्तरीय सीरीज थी जिसमें इस सबसे बड़े फुर्तीले हमलावर प्राणी को उसके सबसे शानदार स्वरूप में दिखाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *