हलचल

लोगों को भा गया सोगरिया रेलवे स्टेशन

कोटा। पुनर्विकसित सोगरिया रेलवे स्टेशन का नया लुक लोगों को भा गया। लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे लोग स्टेशन के आकर्षक स्वरूप को देख अभिभूत हो गए। लोगों में स्टेशन पर फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की होड मची रही। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी स्टेशन के भव्य स्वरूप की सराहना की।
सोगरिया स्टेशन का लोकार्पण करने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन के शानदार प्रवेश द्वार, फसाड लाइट्स, स्टेशन पर लगी कोटा के पर्यटन स्थलों की तस्वीरों, सेल्फी पाइंट, वेटिंग हाॅल की सुविधा की उन्होंने प्रशंसा की।
स्पीकर बिरला ने कहा कि सोगरिया स्टेशन पुरातन संस्कृति की झलक और आधुनिक तकनीक का समावेश लिए सोगरिया रेलवे स्टेशन लोगों को एक नई अनुभूति देगा। यहां यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। यहां आने वाले यात्री सफर की यादों के साथ स्टेशन की खूबसूरती को भी आंखों में संजो कर ले जाएंगे।
उधर, लोगों ने स्टेशन की खूबसूरती को निहारने के साथ मेमू ट्रेन की यात्रा का भी लुत्फ लिया। अनेक ऐसे यात्री थे जो मेमू ट्रेन के पहले सफर के साक्षी बनना चाहते थे। इसके अलावा ऐसे भी अनेक लोग थे जिनके लिए मेमू ट्रेन रोड साइड स्टेशनों पर जाने के लिए सस्ती-सुलभ और सुरक्षित साधन मिला।

  • जगह-जगह हुआ स्वागत

इसके पूर्व कार्यक्रम स्थल जाते वक्त लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश का जगह-जगह स्वागत सत्कार किया गया। कोटावासियों को मेमू ट्रेनों की सौगात मिलने पर खेड़ली फाटक में विधायक संदीप शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोकसभा अध्यक्ष व रेल राज्य मंत्री का अभिनंदन किया। इसके अतिरिक्त भाजपा नेता लव शर्मा, ए.एल नामदेव के नेतृत्व में नामदेव समाज ,प्राइवेट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष महेंद्र निर्भय, कुश्ती संघ, श्रीराम मंदिर प्रबंधन समिति के रिषी शर्मा, स्टेशन व्यापार संघ के अध्यक्ष राजेंद्र चांवला, अल्पसंख्यक मोर्चा के साहिल मिर्जा, महिला मोर्चा की आशा चतुर्वेदी व लोकेश नागर की अगुवाई में स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *