अन्तर्राष्ट्रीय

पाक ने जारी किया नया नक्शा, भारत के कुछ हिस्सों को दिखाया नक्शे पर

पाकिस्तान। पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान ने विवादित नक्शे को मंजूरी दी है। नक्शे पर पाकिस्तान ने कश्मीर को अपने देश का हिस्सा दिखाया है। पहले पाकिस्तान सिर्फ पीओके को अपना हिस्सा बताया करता था, लेकिन अब नए नक्शे में कश्मीर को शामिल किया गया है। पाक ने नए नक्शे पर लद्दाख, सियाचिन समेत गुजरात के जूनागढ़ तक को दिखाया है।
पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इसे पाकिस्तान के इतिहास में सबसे ऐतिहासिक दिन बताया है। विवादित नक्शे को मंजूरी इमरान खान की कैबिनेट में मिली है। कैबिनेट बैठक के बाद इमरान खान ने राजनैतिक नक्शा जारी किया। नक्शे में कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताया गया है।
बता दें कि पाक से पहले नेपाल ने भी ऐसा ही किया था। उसने भी विवादित नक्शे को मंजूरी दी, जिसमें भारत के कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा को शामिल किया गया। नेपाल ने विवादित नक्शा 20 मई को जारी किया था, जिसे वहां की संसद ने मंजूरी भी दे दी है। इस विवादित नक्शे को वो अब संयुक्त राष्ट्र संगठन (यूएनओ) और गूगल सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भेजने की तैयारी कर रहा है।
पाकिस्तान ने ये विवादित नक्शा जम्मू और कश्मीर से धारा 370 हटने के एक साल पूरा होने के ठीक एक दिन पहले जारी किया है। बता दें कि पिछले साल 5 अगस्त को जम्मू और कश्मीर से धारा 370 हटाने का मोदी सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लिया था। भारत के ऐसा कदम उठाने के बाद पाक की बौखलाहट भी सबने देखा था। अब अपने देश की जनता को खुश करने के लिए उसने नया नक्शा जारी किया है। इस बीच, विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि नए नक्शे को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *