राष्ट्रीय

पराग्वे, कोस्टा रिका की यात्रा पर उप-राष्ट्रपति

नई दिल्ली। अपनी आधिकारिक दक्षिण अमेरिकी देश पराग्वे और कोस्टारिका की यात्रा पर उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू पराग्वे पहुंचे। यहां पराग्वे के उप-विदेश मंत्री ह्यूगो सागिएर ने उनकी अगवानी की। पराग्वे में भारत के राजदूत संजीव रंजन ने भी दूतावास के अपने उच्चाधिकारियों के साथ उप-राष्ट्रपति नायडू का पराग्वे में स्वागत किया। उप-राष्ट्रपति दो दिन पराग्वे में रहेंगे। यहां पराग्वे में भारत की अबतक की पहली उच्च स्तरीय यात्रा बताई जा रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि अपनी आधिकारिक यात्रा पर पराग्वे, कोस्टारिका गए उप-राष्ट्रपति के साथ केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री केजे अल्फोंस, सांसदगण एवं भारत सरकार के उच्चाधिकारियों का एक दल गया है। इस यात्रा के दौरान उप-राष्ट्रपति पराग्वे गणराज्य के राष्ट्रपति मारियो अब्दो बेनीटेज, उपराष्ट्रपति ह्यूगो वेलाजक्वेज और पराग्वे राष्ट्रीय कांग्रेस (सीनेट) के अध्यक्ष सिल्वियो ओवेलर से मुलाकात करेंगे। वह भारत-पराग्वे व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगे। वे दक्षिण अमेरिकी देश पराग्वे में रह रहे भारतीय प्रवासी समुदाय से भी मिलेंगे और बात करेंगे। पराग्वे के तत्कालीन राष्ट्रपति फर्नांडो लुगो ने मई 2012 में भारत का दौरा किया था। भारत और पराग्वे पारंपरिक रूप से मैत्रीपूर्ण संबंधों को साझा करते हैं। द्विपक्षीय व्यापार पिछले दस वर्षों में लगभग दस गुना बढ़ गया है और 2008-09 में 40 मिलियन अमरीकी डालर से 2017-18 में 334 मिलियन तक पहुंच गया है। भारत से पराग्वे को निर्यात की जाने वाली वस्तुओं में लोहा और इस्पात, प्लास्टिक, रसायन, वाहन और ऑटो पार्ट्स शामिल हैं जबकि भारत में पैराग्वे का निर्यात मुख्य रूप से वनस्पति तेल, रेजिनॉइड और एल्यूमीनियम होता है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में ब्रांड इंडिया की पैराग्वे में मजबूत उपस्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *