राष्ट्रीय

“मोदी जी, आपकी जंग खत्म हुई, हमारा प्यार आपको 23 मई को हराने जा रहा है” : राहुल गांधी

दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार जय प्रकाश अग्रवाल के समर्थन में दिल्ली में जनसभा की। कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी को ललकारते हुए कहा, “मोदी जी सुन लीजिए, नफरत को नफरत से नहीं काटा जा सकता। नफरत को प्यार से ही काटा जा सकता है। इसी प्यार के दम पर कांग्रेस आपको 23 मई को सत्ता से बाहर करने जा रही है। आपकी नफरत आपका डर है। मेरी दिल में आपके लिए सिर्फ प्यार है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 70 साल में किसी सरकार ने नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स जैसा काम कर आम जनता को परेशान नहीं किया। मोदी ने गब्बर सिंह टैक्स लागू करके छोटे दुकानदारों की जिंदगी हराम कर दी है। सरकार आने पर कांग्रेस गब्बर सिंह टैक्स को सच्ची जीएसटी में बदल देगी। इतना ही नहीं, चौकीदार ने अपने गुरु (लालकृष्ण आडवाणी) का भी अपमान किया है, जो अपने गुरु और अपने परिवार का नहीं हुआ, वह देश की जनता का क्या होगा।
श्री राहुल गांधी मोदी को रोजगार के विषय पर घेरते हुए कहा कि 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी है। कांग्रेस सरकार आने पर 1 साल के भीतर 22 लाख नौकरियों नौजवानों के हवाले कर दी जाएंगी। पूरे हिंदुस्तान की पंचायतों में 10 लाख युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है, लेकिन मोदी सरकार के जुमले के अनुसार 2 करोड़ लोगों को रोजगार नहीं दिया जा सकता। मोदी जी भारत के करोड़ों लोगों का आदर नहीं करते। उनके मन में एक ही व्यक्ति के लिए प्यार है और उसका नाम है नरेंद्र मोदी। चौकीदार को सबक सिखाने के लिए दिल्ली के दिल से आवाज निकली है। दिल्ली की आवाज पूरे देश की आवाज है। ‘न्याय’ योजना से दिल्ली को जबर्दस्त फायदा होने वाला है।
उन्होंने बीजेपी के साथ आम आदमी पार्टी की भी बखिया उधेड़ते हुए कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में कांग्रेस के साथ लोकसभा चुनाव से पूर्व गठबंधन के मुद्दे पर कांग्रेस को ऐन वक्त पर धोखा दिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री को यह भी सोचना चाहिए कि 2014 में बीजेपी के लिए रास्ता किसने खोला था। झूठ सिर्फ बीजेपी नेताओं ने ही नहीं बोले थे, बल्कि इसमें आप कार्यकर्ताओं का भी बहुत बड़ा हाथ था।
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश अग्रवाल ने कहा, ‘देश को कांग्रेस की जरूरत है। मोदी सरकार के पांच साल के राज में देश की तरक्की रुक गई। लोगों का रोजगार रुक गया। कारोबारी तबाह है। आम जनता की रोजी-रोटी पर पानी फिर गया है। किसान और मजदूर तकलीफ में हैं। जीएसटी की मार ने व्यापार ठप कर दिया। सीलिंग ने घर-घर में परेशानी पैदा कर दी। राहुल जी के नेतृत्व में देश फिर उसे रफ्तार से तरक्की करेगा।’
सभा में श्री हारून युसूफ ने कहा, ‘मोदी जी जिस तरह से ओछे और छोटे हमले कर रहे हैं, उसका कोई मतलब नहीं है। आजादी के बाद और आजादी से पहले राहुल जी के परिवार का देश की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान रहा है। राहुल गांधी जी वन मैन आर्मी की तरह पूरे देश में फिरकापरस्त ताकतों को जवाब दे रहे हैं।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित ने कहा, ‘कांग्रेस के राज में जो दिल्ली पूरी रफ्तार के साथ विकास कर रही थी और आगे बढ़ी हैं पिछले पांच सालों में वह दिल्ली पिछड़ गई है। इस विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस का वापस आना जरूरी है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *