शिक्षा

कॉलेज के छात्रों के लिए राष्ट्रीय शाॅर्ट वीडियो प्रतियोगिता

नई दिल्ली। 29 अक्टूबर को विश्व स्ट्रोक दिवस के सिलसिले में, देश भर में 800 से अधिक स्ट्रोक विशेषज्ञों के संयुक्त संगठन – इंडियन स्ट्रोक एसोसिएशन (आईएसए) ने स्ट्रोक के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कॉलेज के छात्रों से राष्ट्रीय शाॅर्ट वीडियो प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की है। प्रतियोगी अपना वीडियो बनाने के लिए छह विषयों में से कोई एक विशय चुनने के लिए स्वतंत्र हैं, जैसे ’स्ट्रोक – लक्षण और प्रारंभिक पहचान’, ’जीवनषैली कारक और स्ट्रोक’ और ’फास्ट (एफ.ए.एस.टी.)’, ’स्ट्रोक के बाद जीवन’, ’स्ट्रोक और सर्वाइवल’ और ’स्ट्रोक की रोकथाम’।
वीडियो अंग्रेजी या हिंदी में बनाया जा सकता है और यह न्यूनतम 30 सेकंड और अधिकतम 1 मिनट का होना चाहिए।
यह प्रतियोगिता सभी विषयों के डिग्री और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए खुली है, जो व्यक्तिगत रूप से या समूहों में भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए नियम और विनियम आईएसए वेबसाइट http://www.stroke-india.org/short-video-rules.php पर उपलब्ध हैं। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर, 2018 है। समय सीमा तक या उससे पहले प्राप्त पहली 100 प्रविष्टियों का ही मूल्यांकन किया जाएगा।
चिकित्सा विशेषज्ञों सहित जूरी द्वारा चुने गए पहले, दूसरे और तीसरे विजेताओं को क्रमशः 5000 रुपये, 3000 रुपये और 1500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा, 2500 रुपये का एक लोकप्रिय पुरस्कार उस वीडियो को दिया जाएगा जिससे फेसबुक पर अधिक लाइक्स मिले हों। इसके अलावा, आईएसए विजेताओं को प्रमाण पत्र भी देगा। जूरी सभी प्राप्त प्रविष्टियों को देखेगा और लोकप्रिय पुरस्कार के चयन के लिए सिर्फ शॉर्टलिस्ट प्रविश्टियां ही उपलब्ध कराई जाएंगी। शॉर्टलिस्ट की गई प्रविष्टियों को आईएसए के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 24 अक्टूबर 2018 को डाल दिया जाएगा। लोकप्रिय पुरस्कार के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली प्रविष्टियों की संख्या जूरी के विवेक पर निर्भर होगी।
आईएसए विश्व स्ट्रोक संगठन (डब्ल्यूएसओ), यूरोपीय स्ट्रोक संगठन (ईएसओ) और एशिया प्रशांत स्ट्रोक संगठन (एपीएसओ) के सहयोग से वैश्विक स्तर पर स्ट्रोक देखभाल में सुधार के लिए काम करता है। इस साल के विश्व स्ट्रोक दिवस का विषय है ’स्ट्रोक के बाद जीवन के लिए सहारा’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *