राष्ट्रीय

देश नहीं दल को महत्व दे रही भाजपा : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी इस संवेदनशील घड़ी में देश नहीं दल को महत्व दे रही है। प्रधानमंत्री को इस समय देश को संबोधित करना चाहिए लेकिन वह बूथ कार्यकर्ता को संबोधित कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने दिल्ली में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पुलवामा हमले के बाद देश में चिंता और आक्रोश का माहौल है। इसके जवाब में सेना की कार्रवाई के लिए विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है। इस स्थिति में भाजपा का रुख सवाल खड़े कर रहा है। एक संवदेनशील राजनीतिक दल के नाते कांग्रेस ने अपनी कार्यकारणी और उससे जुड़े अन्य कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं क्योंकि पार्टी मानती है कि यह समय ऐसे कार्यक्रमों के लिए सही नहीं है। मनीष तिवारी ने कहा कि सत्ता में बैठी पार्टी के रुख से कांग्रेस को आश्चर्य हुआ है। इस समय देश नेतृत्व की ओर देख रहा है। वह चाहता है सरकार कुछ कहे लेकिन ऐसे समय मे प्रधानमंत्री बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री सोचते हैं कि यह समय देश नहीं बूथ को मजबूत करने का है। तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भाषणों में देश को दल से बड़ा बताते हैं लेकिन इस संवेदनशील घड़ी में उनके लिए दल देश से बड़ा है। उन्होंने कहा कि देश के पाकिस्तान में आतंकी ठिकाने पर हमले के समय एक ओर जवान सीमा पर लड़ रहे हैं और दूसरी ओर भाजपा के नेता राजनीतिक कार्यक्रम कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा के बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के जिस तरह के बयान आ रहे हैं यह सब पाकिस्तान प्रोपेगैंडा का हिस्सा बन रहे। इस समय जरूरी है कि भाजपा देश के साथ एक होकर काम करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *