राष्ट्रीय

नई दिल्ली के छत्तरपुर में चांदी के सवा करोड़ बेलपत्र से बनेगी भगवान शिव की प्रतिमा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के छत्तरपुर में इस माह आयोजित होने वाले विश्व शिव महाकुंभ के दौरान चांदी के सवा करोड़ बेलपत्र से भगवान शिव की विशाल प्रतिमा बनाई जाएगी। यह जानकारी आज यहां विश्व शिव महाकुंभ का आयोजन करने वाली संस्था देवाश्रम ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष परम पावन डॉक्टर ब्रज नंदन जी महाराज ने दी। उन्होंने बताया कि 21 से 31 अक्तूबर तक नई दिल्ली के छत्तरपुर में आयोजित होने वाले दस दिन के विश्व शिव महाकुंभ के दौरान सवा करोड़ शिव लिंग का भी निर्माण किया जाएगा।
आज यहां जारी एक प्रेस वक्तव्य में डॉक्टर ब्रज नंदन जी महाराज ने बताया कि महाकुंभ के दौरान 75 से अधिक देशों के प्रतिनिधि तथा देश के विभिन्न भागों से संत समाज के लोग आएंगे। उन्होंने बताया कि इस महाकुंभ में महामहिम राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति श्री वेंकैया नायडु, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, अनेक राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक एवं अनेक अन्य गणमाण्य लोग भी पधारेंगे। उन्होंने बताया कि विश्व शिव महाकुंभ का आयोजन विश्व शांति एवं एकता को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।
इस महाकुंभ में अनेक सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिनमें गरीब लड़कियों के लिए सामूहिक विवाह का आयोजन और शहीदों की विधवाओं के लिए सम्मान समारोह भी शामिल है। महाकुंभ के दौरान विश्व शांति पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, तन, मन एवं आत्मा पर कार्यशाला, कौशल विकाश एवं उद्यमिता, स्वास्थ्य उर्जा संरक्षण से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
महाभारत धारावाहिक में भीष्म पितामह की भूमिका को साकार करने वाले फिल्म अभिनेता श्री मुकेश खन्ना ने इस मौके पर कहा कि उन्हें इस बात की हार्दिक खुशी है कि उन्हें इस अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन से जुड़ने का अवसर मिला है। आज जब समाज में वैमनस्य बढ़ रहे हैं और अशांति बढ़ रही है वैसे में निश्चिति ही विश्व शिव महाकुंभ हमें विश्व शांति के लिए रास्ता दिखाएगा। इस आयोजन में दुनियाभर के संत समाज के लोग और विभिन्न क्षेत्रों के विद्धान शांति एवं सद्भाव का पाठ पढ़ाएंगे तथा विश्व शांति के लिए उपाय सुझाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *