राजनीति

विकास कार्यों में देरी पर लगेगा जुर्माना : स्वायत्त शासन मंत्री धारीवाल

-डॉ. प्रभात कुमार सिंघल, कोटा
स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने शनिवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं करने वाले संवेदको के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर विकास न्यास के अधिकारियों को जुर्माना लगाने के निर्देश दिये। स्वायत्त शासन मंत्री ने विकास कार्यों के निरीक्षण की शुरुआत अदालत चौराहे से करते हुए अम्बेडकर प्रतिमा के पास सौन्दर्यकरण के कार्य में पीलरों के पास आकृर्षित पौधे लगाने तथा शेष कार्य का गुणवत्ता से पूरा कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कलक्ट्रेट सर्किल पर हाथी की प्रतिमा में सुधार लाने तथा रोटरी निर्माण के कार्य के बारे में निर्देश दिये।

  • जुर्माना लगाने के निर्देश-

स्वायत्त शासन मंत्री ने एरोड्रोम सर्किल के अंडरपास एवं सर्किल निर्माण के कार्य में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि संवेदक द्वारा लगातार कार्य में ढिलाई बरती जा रही है न्यास के अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर लापरवाही पाये जाने पर कार्यवाही करें। उन्होंने कार्य में देरी पर संवेदक से नाराजगी व्यक्त करते हुए सचिव नगर विकास न्यास को 20 लाख रूपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जायेगा।
घोड़े वाले चौराहा के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर उन्होंने पत्थरों पर नक्कासी के कार्य को लगातार गति देने तथा सर्किल पर लगाये जोने वाले घोेडे एवं शेर की प्रतिमाओं को बनवाकर शीघ्र लगवाने के निर्देश दिये। उन्होंने सर्किल के चारों ओर बनाई जाने वाली सड़क के कार्य को शीघ्र करवाने के निर्देश दिये ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने गुमानपुरा फ्लाई ओवर के कार्य में शेष कार्य को पूरा करते हुए पीलरों पर आकर्षक डिजाइन बनाने के कार्य को भी समानान्तर जारी रखने के निर्देश दिये।

  • हैरीटेज लुक में बनेगा फूटपाथ-

नयापुरा सर्किल के निरीक्षण के समय उन्होंने विवेकानन्द सर्किल के कार्य में वियतनाम से आले वाले पत्थरों पर विवेकानन्द जी के जीवन से जूडे पहलूओं के नक्कासी कार्य को गति से पूरा करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने सर्किल के एक तरफ बनाई गई छतरियों की ओर बनाये जा रहे फूटपाथ का निर्माण हैरीटेज लूक के साथ तैयार करने के निर्देश दिये ताकि आने वाले पर्यटकों को कोटा की भव्यवता का पता चल सके।

  • चम्बल रिवर फ्रंट का निरीक्षण –

स्वायत्त शासन मंत्री ने चंबल रिवर फ्रंट का निरीक्षण किया और बैराज गार्डन में मिट्टी भराव कार्य को गति देने तथा श्रमिकों की संख्या बढाने के निर्देश दिये। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी संवेदक समय पर कार्य पूरा नही करे उस पर एक करोड़ का जुर्माना लगाया जायेगा तथा हटाने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने धीमा कार्य करने वाले संवेदको की अलग से बैठक लेकर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने, मिनी अकेलगढ पेयजल विस्तार के निर्माण कार्य, नाका चुंगी चौराहा, कुन्हाड़ी चौराहे पर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर उज्जवल राठौड़, महापौर कोटा दक्षिण राजीव अग्रवाल, उप महापौर पवन मीणा, सोनू कुरैशी, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, नगर विकास न्यास के विशेषाधिकारी आर.डी. मीणा, सचिव राजेश जोशी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *